Rampur News: दो दिन पूर्व रामपुर में गोली मारकर की गई डंपर चालक की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक एक आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की गोली से घायल आरोपी का उपचार रामपुर जिला अस्पताल में कराया जा रहा है।
रामपुर जनपद के पटवाई थाना क्षेत्र में बीते सोमवार को डंपर चालक चंचल की कुछ लोगों के द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद लोगों ने भारी हंगामा किया था और इस प्रकरण में मृतक के परिजनों की ओर से थाने में मामला दर्ज कराया गया था। जिसमे तीन लोगों को नामजद किया गया था। पुलिस इस प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक बाइक पर सवार होकर आ रहे हत्या आरोपी योगेश से मुठभेड़ हो गई। घटना में आरोपी योगेश घायल हो गया है जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की बाबत पूछताछ मे सामने आया है कि मुख्य आरोपी योगेश की पत्नी और मृतक चंद्रपाल उर्फ चंचल के बीच अवैध संबंध थे। कुछ दिन पहले मृतक चंचल के द्वारा योगेश की पत्नी की आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर डालकर वायरल कर दी थी। योगेश के अनुसार इन फोटो को लेकर योगेश की अपने रिश्तेदारों और सगे संबंधियों के बीच काफी बदनामी हो रही थी।
जिसके चलते इस घटना को अंजाम देते हुए योगेश ने अपने भाई मुनेश सहित 1 अन्य साथी विनोद के साथ मिलकर चंद्रपाल उर्फ चंचल की हत्या कर दी।
अपर पुलिस अधीक्षक रामपुर अनुराग सिंह के मुताबिक,, दिनांक 29 जून को रात में एक युवक की थाना पटवाई क्षेत्र में पंचर की दुकान के सामने गोली मारकर हत्या की जाती है। इसमें उसके परिजनों द्वारा दी गई तहरीर में मुख्य आरोपी योगेश का नाम बताया जाता है।
पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आते हैं। मृतक चंचल और योगेश की पत्नी के बीच अवैध संबंध थे। दोनों की कुछ आपत्तिजनक फोटो वायरल हो गए थे। आपत्तिजनक फोटो से आहत योगेश ने चंचल को गोली मारकर ठिकाने लगा दिया। बाद में हत्या आरोपी योगेश को भी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है।
यह पूछे जाने पर जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया तो उसने क्या कबूल किया? इस पर अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्या आरोपी योगेश ने भी उसकी पत्नी के साथ चंचल के अवैध संबंधों की बात स्वीकार की है। जिसे लेकर काफी असहज स्थिति हो गई थी. इसलिए उसने आक्रोश में आकर चंचल की हत्या को अंजाम दिया।
रिपोर्ट- मुजस्सिम खान/सोनू सिंह


