जनपद बिजनौर के अल्हेपुर ब्लॉक क्षेत्र ग्राम भिक्कावाला स्थित प्राथमिक विद्यालय एक बार फिर सुर्खियों में है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कासिमा खातून पर विद्यालय की चारदीवारी निर्माण के नाम पर 4 लाख 42 हजार रुपये के कथित गबन का आरोप लगा है। मामले की शिकायत के बाद शिक्षा विभाग की टीम ने विद्यालय पहुंचकर जांच शुरु की।
दरअसल, पूरा मामला जनपद बिजनौर के अल्हेपुर ब्लॉक के क्षेत्र ग्राम भिक्कावाला का है जहां प्राथमिक विद्यालय में वित्तीय अनियमितताओं और विद्यालय संचालन को लेकर प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय की चारदीवारी निर्माण के लिए स्वीकृत लगभग 4 लाख 42 हजार रुपये की धनराशि में गबन किया गया है।
यह विद्यालय इससे पहले भी चर्चा में रहा है। ईद से पहले विद्यालय परिसर में बकरी बांधे जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके अलावा एक अन्य मामले में विधालय प्रबंधन पर आरोप है कि विद्यालय के मासूम बच्चों से बकरी के लिए चारा मंगवाया गया। घटना की वीडियो वायरल होने के बाद अब शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ताजा शिकायत में बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कसाना अन्य अधिकारियों के साथ जांच के लिए विद्यालय पहुंचे। टीम में राकेश कुमार (कनिष्ठ सहायक), डीआईओएस धर्मेंद्र कुमार सक्सेना तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग से निशांत यादव थे।
अधिकारियों ने विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया, चारदीवारी से संबंधित अभिलेखों की जांच की तथा विद्यालय परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया गया। ग्रामीणों द्वारा दी गई शिकायतों के संबंध में आवश्यक जानकारी भी जुटाई।
फिलहाल जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट तैयार कर सक्षम स्तर पर प्रस्तुत की जाएगी। यदि जांच में वित्तीय अनियमितता या अन्य आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी
रिपोर्ट- गौरव वर्मा (बिजनौर)/सोनू सिंह


