कानपुर में डीसीपी पश्चिम की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का खुलासा किया है। पुलिस ने इस पूरे गिरोह के तीन मास्टरमाइंडों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से मोबाइल फोन समेत काफी सामान बरामद किया है।
कानपुर पुलिस को मिली सूचना के बाद एक कॉल सेंटर पर छापा मारा गया। जहां से दो युवतियों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर के जरिए लोगों की शादी कराने के नाम पर उनसे पैसों की डिमांड की जा रही थी।
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में दस्तावेज, रजिस्टर, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी का नेटवर्क चला रहा था।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और ठगी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। मामले में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।


