उत्तर प्रदेश के सीतापुर में प्रशासन बड़ी कार्रवाई करने के मूड में है। प्रशासन ने सपा के पूर्व विधायक और राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता के घरों समेत करीब 25 मकानों पर नोटिस चस्पा किया गया है। नोटिस में इसे तालाब की भूमि बताया गया है।
प्रशासन द्वारा चस्पा नोटिस में साफ लिखा है जमीन सरकारी है तथा मकान अवैध रुप से बनाए गए हैं। सभी कब्ज़ाधारी को 15 दिन के अंदर नोटिस का जवाब देने का आदेश दिया गया है। यदि इस समय अवधि में जवाब नहीं दिया जाएगा तो मकानों पर बुलडोज़र की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम सदर के मुताबिक ज़मीन की कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। लगभग 20 वर्षों से शिवपुरी कालोनी में आलीशान मकान बने हुए हैं। अब प्रशासन ने इन मकानों को पूरी तरह से अवैध कब्जा बताकर नोटिस दिया है. नोटिस चस्पा करने के 15 दिनों के अंदर सभी को इसका जवाब देना है.
सपा के पूर्व विधायक व राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता के मुताबिक शिवपुरी में प्रशासन ने 25 बीघा जमीन पर नोटिस चस्पा किया है। जिसे अब खाली करने और बुलडोजर चलाने की बात कही जा रही है। यहां बने सभी मकानों की कीमत करोड़ो रुपये है। इस मामले में बड़ी बात यह है कि सभी मकानों के नक्शे पास हैं और सभी मकानों की दाखिल खारिज भी हो चुकी है।
फिलहाल नोटिस के बाद से इलाके के लोगों में घर टूटने का डर साफ देखा जा सकता है। लोगों का दावा है कि वे यहां पिछले 20 सालों से रह रहे हैं। न ही कागजों में तालाब दर्ज है, न बंजर दर्ज है, और न ही ये सरकारी जमीन है. बावजूद नोटिस चस्पा किया गया है।
रिपोर्ट- राहुल अरोड़ा (सीतापुर)/सोनू सिंह


