ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर चल रहे घटनाक्रम के बीच शुक्रवार को मौसम साफ होने के साथ ही शहर में पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखाई दिया। कमिश्नरी चौराहे से लेकर प्रमुख सरकारी कार्यालयों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
यूपी के मेरठ में ललित गौतम हत्याकांड के बाद जमकर बवाल हुआ। जिसके बाद कलेक्ट्रेट के गेट पर जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ। इस दौरान हुए बवाल में रवि गौतम नाम के एक युवक को एसएसपी अविनाश गौतम ने थप्पड़ मार दिया था। बता दें कि सपा मुखिया अखिलेश यादव और नगीना से सांसद चंद्रशेखर ने घटना की कड़ी निंदा की थी।
जिलाधिकारी कार्यालय, एसएसपी कार्यालय, एसएसपी आवास समेत संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों की गतिविधियां भी लगातार जारी हैं और आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, प्रशासन को आशंका है कि बाहरी क्षेत्रों से कुछ लोग आकर धरना-प्रदर्शन या विरोध कार्यक्रम आयोजित करने का प्रयास कर सकते हैं। इसी संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत किया गया है।
फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन पुलिस और प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए हैं।


