गाजियाबाद के लोनी इलाके में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। खरखड़ी रेलवे स्टेशन के अंडरपास में भारी जलभराव के कारण दो ट्रैक्टर पूरी तरह पानी में डूब गए। गनीमत रही कि दोनों ट्रैक्टर चालक समय रहते बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई।
बताया जा रहा है कि पिछले 24 घंटे से खरखड़ी रेलवे स्टेशन का अंडरपास पूरी तरह बंद पड़ा है। अंडरपास में कई फीट तक पानी भर जाने के कारण वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। रास्ता बाधित होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अंडरपास बंद होने के चलते लोग जान जोखिम में डालकर रेलवे लाइन के ऊपर से बाइक और अन्य वाहन निकालते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में अंडरपास में जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन के सामने जल निकासी की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, लोगों ने जल्द से जल्द अंडरपास से पानी निकालकर यातायात बहाल करने की मांग की है।


