उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के थाना भोजपुर इलाके में गोकशी के मामले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ का एक बड़ा मामला सामने आया है। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने इस घटना की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि भोजपुर थाना इलाके के मनकुआ मकसूदपुर गांव में गोकशी होने की पुख्ता सूचना पुलिस विभाग को प्राप्त हुई थी, इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए भोजपुर पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए संबंधित और सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी।
गौकशी की घटना के सफल अनावरण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष टीमों का गठन किया गया था, जो लगातार इलाके में संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई थीं, इसी क्रम में आज जब भोजपुर थाना पुलिस खैया खादर क्षेत्र के पास मुस्तैदी से चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध आते दिखे थे, पुलिस टीम ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया था, तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग झोंक दी थी, यूपी पुलिस ने आत्मरक्षार्थ और जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया है, पूछताछ में अपराधियों ने गोकशी की घटना को अंजाम देने की बात कबूल कर ली है।
पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए दोनों शातिर अपराधियों की पहचान सकलैन और नाज़िम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से थाना भोजपुर क्षेत्र के ही निवासी हैं, एसपी देहात ने बातया, पकड़े गए इन बदमाशों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें सकलैन पर पूर्व में एक और नाज़िम पर पहले से चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, पुलिस टीम ने बदमाशों के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और वारदात के दौरान इस्तेमाल किए गए तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं, गोली लगने से घायल हुए दोनों आरोपियों को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया है, पुलिस फिलहाल साक्ष्य संकलन की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
रिपोर्ट- शारिक सिद्दीकी (मुरादाबाद)/सोनू सिंह


