कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र स्थित New Shubh Hospital में आंत के ऑपरेशन के बाद एक मरीज की मौत हो जाने पर बुधवार रात करीब दस बजे को परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और 112 नंबर पर सूचना देकर पुलिस को दी।
मामले की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।नवाबगंज थाना क्षेत्र के दुर्गापुरवा गांव निवासी विक्रम ने बताया कि उनके (60) वर्षीय पिता सत्यनारायण निषाद को पेट में गैस बनने और पेट दर्द की शिकायत के चलते मंगलवार सुबह करीब 11 बजे कल्याणपुर के पुराना शिवली रोड स्थित न्यू शुभ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उनकी आंत में समस्या बताते हुए ऑपरेशन की सलाह दी।परिजनों के अनुसार बुधवार दोपहर करीब दो बजे डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया। करीब एक घंटे बाद मरीज को ऑपरेशन थिएटर से बाहर लाया गया, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। कुछ ही देर बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों की लापरवाही के कारण सत्यनारायण निषाद की जान गई है। उनका कहना था कि ऑपरेशन से पहले मरीज की स्थिति सामान्य थी, लेकिन सर्जरी के बाद अचानक हालत बिगड़ने लगी तो उन्हें अस्पताल में बने ICU में भर्ती कर दिया गया. जबकि अस्पताल मैं आईसीयू चलाने की अनुमति नहीं है. परिजनों से ICU के नाम पर हजारों रुपए ले लिए गए. परिजनों ने बताया उचित उपचार नहीं मिलने से उनकी मौत हो गई।
हंगामे की सूचना पर कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को शांत कराया और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से मिलने वाली तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक के परिजनों द्वारा तहरीर दी गई है शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया अन्य विधिक कार्रवाई की जायेगी।
रिपोर्ट- राहुल वाजपेयी (कानपुर नगर)/सोनू सिंह


