जालौन| बिजली संकट से परेशान किसानों ने घेरा विद्युत उपकेंद्र, धान की फसल पर मंडराया संकट

जालौन। जिले के कदौरा क्षेत्र में बिजली संकट को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। लगातार चार दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने से परेशान पांच गांवों के ग्रामीणों ने बबीना विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर दिया और जल्द समस्या के समाधान की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली नहीं मिलने के कारण खेतों में लगी धान की फसल की सिंचाई नहीं हो पा रही है। बारिश की कमी और लंबे समय से बिजली कटौती के चलते फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई है। किसानों को चिंता है कि अगर जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो उनकी मेहनत और लागत दोनों बर्बाद हो सकती हैं।
किसानों ने आरोप लगाया कि बिजली समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं किया गया। मजबूर होकर ग्रामीणों को विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।
किसानों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि गांवों में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि समय पर खेतों की सिंचाई हो सके और धान की फसल को बचाया जा सके।
वहीं, ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों ने समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि बिजली व्यवस्था कितनी जल्दी पटरी पर लौटती है।


