उत्तर प्रदेश के जनपद शामली से यूपी पुलिस को दागदार कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां थाने में तैनात हेड मोहर्रिर (हेड कांस्टेबल) ने थाने के मालखाने में जमा पिस्टल निकाल कर बेच दी। मामले की किसी को भनक तक नहीं लगी। मामला तब प्रकाश में आया जब बेची गई पिस्टल के साथ एक युवक को मेरठ पुलिस ने गिरफ्तार किया। पूरे मामले की भनक जैसे ही हेड मोहर्रिर को लगी तो वह तुरंत फरार हो गया। अब शामली पुलिस ने आरोपी हेड मोहरिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।
आपको बता दें कि पूरा मामला जनपद शामली जनपद का है, जहां के मोहल्ला गुजरान थाना कांधला निवासी साबिर जंग पुत्र रफीक जंग का शस्त्र लाइसेंस जिलाधिकारी द्वारा निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद 22/8/2020 को उप निरीक्षक अरविंद कुमार द्वारा उक्त पिस्टल को लाकर में जमा कर दिया था। जिसे तत्कालीन मालखाने के हैड मोहर्रिर मिथलेश कुमार के सुपुर्द कर मालखाने में रखवाया गया था।
उक्त पिस्टल के रिलीज आदेश के सम्बन्ध में अभिलेखों में कोई प्रविष्टि अंकित नहीं है। जब शस्त्र धारक के मोबाइल पर बात की गई तो शस्त्र धारक शाविर जंग ने बताया कि मेरा शस्त्र लाइसेंस दिनांक 19.08.20 को जिलाधिकारी शामली के द्वारा निरस्त किया गया था और दिनांक 22.08.20 को मैंने अपने शस्त्र पिस्टल को उप निरीक्षक अरविन्द कुमार को थाने पर दाखिल करने हेतु सुपुर्द किया गया था। जो पिस्टल मालखाने में दाखिल किया गया था उस पिस्टल को मेरठ की मवाना पुलिस ने केशू यादव पुत्र स्व० नरेन्द्र निवासी ग्राम मटौरा थाना मवाना जिला मेरठ से बरामद किया।
केशू यादव से पुलिस ने और भी हथियार बरामद किये जिनमे शेष बरामद रिवाल्वर MADE IN ENGLAND व WEBLY SCOTT/380 व 03 अदद तमंचा 315 बोर व 06 अदद जिन्दा कारतूस 315 बोर व 01 अदद कारतूस 32 बोर शामिल है। केशू यादव से पिस्टल के अलावा जो हथियार मिले है उनका सत्यापन असलाह रजिस्टर से नही हो सका है क्योंकि माल रजिस्ट्रर तत्कालीन एचएम माल अमित कुमार के मालखाने में है जिसका ताला लगा है और चाबी एचएम अमित कुमार के पास है। तत्कालीन हेड मोहर्रिर थाना कांधला अमित कुमार वर्तमान में निलंबित है, जिसकी आमद पुलिस लाइन शामली में चल रही है।
बताया जा रहा है कि मुजफ्फरनगर के किसी मामले में को लेकर हेड मोहर्रिर अमित कुमार को निलंबित किया गया था और उसकी तैनाती शामली पुलिस लाइन में चल रही थी। हेड मोहरिर अमित कुमार ने जिस पिस्टल को मालखाने से निकालकर केशू यादव को दिया है वह केशू यादव अमित कुमार का तहेरा भाई बताया जा रहा है।
शामली के कांधला पुलिस के जब मामला संज्ञान में आया तो कांधला थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने आरोपी हेड कांस्टेबल को फोन मिलाया तो उसका फोन स्विच ऑफ था इसके बाद थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने पुलिस लाइन से जानकारी की तो पता चला कि अमित कुमार पुलिस लाइन से गैरहाजिर चल रहा है और 15/7/2026 को उसकी गैर हाजिरी की रपट भी पुलिस लाइन में लिखी गई है।
जिससे यह साबित होता है कि हैड़ कांस्टेबल अमित कुमार द्वारा थाना कांधला के मालघर में दाखिल स्वंय की अभिरक्षा से फैक्टरी मेड शस्त्र पिस्टल को अपने तहेरे भाई केशू यादव पुत्र स्व० नरेन्द्र निवासी ग्राम मटौरा थाना मवाना जिला मेरठ को दिया गया है जो थाना मवाना पुलिस द्वारा केशू यादव से बरामद है। पुलिस ने फरार हुए आरोपी हेड कांस्टेबल अमित कुमार के खिलाफ कांधला थाने पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है।
कांधला थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 2 तारीख को मैं आया था उसके अगले दिन या उससे एक-दो दिन बाद ही इसके निलंबन का आदेश आ गया था और यह लाइन चला गया था। बच्चू सिंह ने बताया कि मुजफ्फरनगर का कोई मामला था यह मुझे नहीं पता क्या था उसमें इसका निलंबन हुआ है। बाकी विस्तृत जानकारी आप उच्च अधिकारियों से ले सकते हैं।
इस पूरे प्रकरण पर अपर पुलिस अधीक्षक शामली सुमित शुक्ला ने जानकारी दी कि “हां एक ऐसा मामला हुआ तो है लेकिन पूरा क्या है मुझे अभी नहीं पता मैं बुलंदशहर में मुख्यमंत्री जी की ड्यूटी में आया हूं जैसे ही यहां से आता हूं तो जानकारी देता हूं”
रिपोर्ट- पंकज मलिक/सोनू सिंह


