ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर में जीएनआईओटी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज़ ने पीजीडीएम सत्र 2026–28 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए भव्य ‘मेराकी–2026’ ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान रहे। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता का आधार शिक्षा, कौशल, अनुशासन और नवाचार है।

इस दौरान उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव लड़ने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे या नहीं लड़ेंगे, यह अभी चर्चा का विषय है। राज्य इकाई पहले केंद्रीय संसदीय बोर्ड को औपचारिक प्रस्ताव भेजेगी, उसके बाद इस पर चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ेगी। पिछले 10 दिनों में उनके लखनऊ में दो कार्यक्रम हुए हैं और उसी सोच के साथ पार्टी अपने संगठन को मजबूत कर रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट चुकी है और फिलहाल सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठनात्मक तैयारी कर रही है। चिराग पासवान ने यह भी कहा कि वह पंजाब के दौरे पर जा रहे हैं, जहां अमृतसर और जालंधर में कार्यक्रम हैं तथा पंजाब और उत्तराखंड में भी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) चुनाव लड़ेगी।



