डीएम से बोला मासूम- “करवा देंगे नहीं, करवा दीजिए”, समाधान दिवस में बच्चे की फरियाद हुई वायरल
लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से एक मासूम बच्चे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, बच्चा अपने घर पर हुए कब्जे की शिकायत लेकर समाधान दिवस में पहुंचा था, जहां उसने जिलाधिकारी (डीएम) के सामने अपनी परेशानी रखी।

मासूम ने डीएम से भावुक अंदाज में कहा, “करवा देंगे नहीं, करवा दीजिए।” बच्चे की मासूमियत भरी अपील सुनकर मौके पर मौजूद लोग भावुक हो गए। उसकी बात करने का अंदाज अब सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
जानकारी के मुताबिक, बच्चा अपने परिवार की समस्या लेकर समाधान दिवस में पहुंचा था। उसने अधिकारियों से घर पर कब्जे की शिकायत करते हुए न्याय की मांग की। बच्चे की बात सुनने के बाद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।
समाधान दिवस में आए इस छोटे से फरियादी की अपील ने प्रशासनिक व्यवस्था के साथ-साथ लोगों की संवेदनाओं को भी छू लिया है। सोशल मीडिया पर लोग बच्चे की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं और जल्द न्याय मिलने की उम्मीद जता रहे हैं।


