Muzaffarnagar News: श्रावण मास के पावन अवसर पर मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा अब रफ्तार पकड़ने लगी है। शहर के हृदय स्थल शिव चौक पर रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं का मन मोह रही है। वहीं हरिद्वार से दिल्ली तक एक ही कांवड़ को अपने कंधों पर लेकर चल रहा एक दंपति लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। दंपति भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट आस्था के साथ-साथ आपसी प्रेम और सामाजिक संदेश भी दे रहे हैं।
मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा का रंग अब गहराने लगा है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले शिवभक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शहर के शिव चौक को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। शहर में रात के समय बेहद आकर्षक दिखाई दे रहा है। श्रद्धालु यहां रुककर भगवान शिव के दर्शन कर रहे हैं और सेल्फी लेकर इस पल को यादगार बना रहे हैं। इसी बीच हरिद्वार से दिल्ली जा रहा एक दंपति आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। दोनों एक ही कांवड़ को अपने कंधों पर लेकर यात्रा कर रहे हैं। दंपति का कहना है कि वे भगवान शिव की कृपा से यह यात्रा कर रहे हैं और साथ ही गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिए जाने की मांग का संदेश भी लोगों तक पहुंचा रहे हैं। दोनों का कहना है कि यह यात्रा आपसी प्रेम, एकता और आस्था का प्रतीक है।
कांवड़ियों की बढ़ती संख्या के साथ शहर के कांवड़ मार्ग पर भी रौनक बढ़ने लगी है। हालांकि कई कांवड़ शिविरों में अभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जगह-जगह शिविरों को सजाया जा रहा है ताकि आने वाले दिनों में लाखों शिवभक्तों का स्वागत किया जा सके। प्रशासन और सामाजिक संगठन भी कांवड़ यात्रा को लेकर पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहे हैं। हरिद्वार से कावड़ लेकर दिल्ली और हरियाणा की तरफ जाने वाले शिव भक्त मुजफ्फरनगर से होकर गुजरते हैं। मुजफ्फरनगर में शिव भक्तों की कावड और उनकी आस्था के अनोखे रंग देखने को मिलते हैं। हाल ही में शुरु हुई कावड़ यात्रा में कई भक्त अलग अंदाज में शिव के प्रति अपनी आस्था को दर्शाते हैं।
रिपोर्ट- दीपक वत्स/सोनू सिंह


