पारिवारिक कलह से तंग आकर सिपाही ने की आत्महत्या, पत्नी हेड कांस्टेबल है पुलिस विभाग में तैनात गाजियाबाद: जनपद के मसूरी थाना क्षेत्र के आकाश नगर इलाके में शुक्रवार रात एक दुखद घटना सामने आई। नंदग्राम थाने में तैनात 28 वर्षीय सिपाही पवन राठी ने अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस में हड़कंप मच गया। मृतक की पत्नी अनुराधा, जो स्वयं पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं, ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
ड्यूटी से लौटने पर मिला शव मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे जब हेड कांस्टेबल अनुराधा अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौटीं, तो उन्होंने पति पवन राठी ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया। मौके पर पहुंची मसूरी थाना पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल की जांच भी की है।
लंबे समय से चल रहा था विवाद प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दंपती की शादी को पाँच साल बीत चुके थे, लेकिन संतान न होने को लेकर वे काफी समय से मानसिक तनाव में थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिपाही पवन राठी शराब का आदी था, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। शुक्रवार शाम को भी ड्यूटी पर जाने से पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। माना जा रहा है कि इसी पारिवारिक कलह के चलते पवन ने यह आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
मोबाइल खंगाल रही पुलिस पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है। सिपाही के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल और मैसेज चेक किए जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि मौत से ठीक पहले उनकी किसी से कोई विशेष बातचीत तो नहीं हुई थी। मसूरी पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों और परिस्थितियों की पुष्टि हो पाएगी। फिलहाल, पुलिस परिजनों के बयान दर्ज करने कर आत्महत्या की गुत्थी को सुलझने में लगी है।
इस घटना ने पुलिस महकमे को भी झकझोर कर रख दिया है। एक ही विभाग में कार्यरत पति-पत्नी के बीच की अनबन ने जिस तरह से एक युवा जान ली, उसने घरेलू विवादों को सुलझाने के लिए काउंसलिंग और आपसी संवाद की आवश्यकता को फिर से रेखांकित किया है। पुलिस मामले में विधिक कार्यवाही के लिए अग्रिम साक्ष्य जुटा रही है।
यह भी पढ़ें- नीट परीक्षा लीक प्रकरण मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा


