बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां पूजा और हवन कर रही महिलाओं के ऊपर अचानक पीपल के पेड़ की भारी डाल टूटकर गिर गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
यह घटना कुंवरगांव थाना क्षेत्र के ललेई गांव की है। बताया जा रहा है कि गांव की कुछ महिलाएं पीपल के पेड़ के नीचे बने छोटे मंदिर के पास श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना और हवन कर रही थीं। इसी दौरान पेड़ की एक मोटी डाल अचानक टूटकर महिलाओं के ऊपर जा गिरी।
ग्रामीणों के मुताबिक, हादसे के समय पेड़ पर बंदर उछल-कूद कर रहे थे। इसी दौरान डाल टूटने की बात सामने आ रही है। डाल गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गए।
ग्रामीणों ने मलबे के नीचे दबी महिलाओं को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे में घायल छह महिलाओं का इलाज जारी है। वहीं, दो महिलाओं की मौत से गांव में शोक का माहौल है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों मृत महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद ललेई गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से घायलों के बेहतर इलाज और पीड़ित परिवारों को सहायता देने की मांग की है।
यह भी पढ़े: https://nation27.com/states/delhi/%e0%a4%85%e0%a4%b9%e0%a4%ae%e0%a4%a6%e0%a4%be%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%a6/


