विवाह का झांसा देकर चार वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने, गर्भवती होने पर शादी से इनकार करने और मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाते हुए एक युवती ने पुलिस अधीक्षक मैनपुरी से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने आरोपी समेत उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एसपी मैनपुरी को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, आरोपी कुलदीप पुत्र विमलेश निवासी ग्राम हविलिया थाना करहल, जिला मैनपुरी से युवती की जान-पहचान उसकी बहन के गांव आने-जाने के दौरान हुई थी। आरोप है कि दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं तो आरोपी ने शादी का भरोसा देकर चार वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान युवती गर्भवती भी हो गई।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने आरोपी और उसके परिवार से विवाह की बात की तो उसे टाल दिया गया। बाद में आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी की मां अंजना, पिता विमलेश और चाची बबली ने उसके साथ अभद्रता की तथा मारपीट कर घर से भगा दिया। पीड़िता का कहना है कि स्थानीय थाने में शिकायत करने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख है कि 29 जुलाई 2026 को आरोपी पक्ष ने दोबारा उसके साथ मारपीट की और पुलिस मौके पर पहुंचने के बाद भी बिना किसी कार्रवाई के लौट गई। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच कराने की बात कही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक आरोपी पक्ष का बयान सामने नहीं आया है। पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है।


