जोनपुर जनपद केराकत कोतवाली क्षेत्र के डेहरी मोड़ के समीप एक स्कूल बस और बाइक की टक्कर में एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने घायलों के बेहतर उपचार की मांग को लेकर बस को करीब एक घंटे तक रोककर विरोध जताया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केराकत निवासी सुल्तानपुर अंसारी अपनी पत्नी रूपईया और पुत्र साजिद के साथ बाइक से आज़मगढ़ जनपद के फरिहा जा रहे थे। डेहरी मोड़ के पास सामने से आ रही साद इंग्लिश स्कूल की बस से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। नाराज़ लोगों ने बस को घेर लिया और करीब एक घंटे तक आगे नहीं बढ़ने दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि घायलों का तत्काल और समुचित इलाज कराया जाए।
सूचना पर पहुंची केराकत पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर बस को जाने दिया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जबकि घायलों का उपचार जारी है।


