कालाढूंगी के कोटाबाग क्षेत्र के पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का भवन इन दिनों बदहाल और जर्जर स्थिति में है। छात्राओं और शिक्षकों का कहना है कि भवन की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यहां पढ़ाई करना भी खतरे से खाली नहीं है। बावजूद इसके, दो वर्षों से ध्वस्तीकरण का प्रस्ताव भेजे जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कोटाबाग के इस भवन में छात्राओं की कक्षाएं संचालित होती हैं, लेकिन भवन की दीवारों और छतों की जर्जर हालत लगातार चिंता बढ़ा रही है। शिक्षिकाओं के अनुसार पिछले दो वर्षों में कई बार भवन के ध्वस्तीकरण और नए भवन के निर्माण का प्रस्ताव शासन-प्रशासन को भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
छात्राओं का कहना है कि वे हर दिन डर के साए में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। उन्हें आशंका रहती है कि कहीं जर्जर भवन किसी बड़े हादसे का कारण न बन जाए। छात्राओं और विद्यालय प्रशासन ने शासन-प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर सुरक्षित भवन उपलब्ध कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि शासन-प्रशासन इस गंभीर मामले का कब संज्ञान लेता है और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कब तक ठोस कदम उठाए जाते हैं।
रिपोर्ट- नीरज तिवारी/सोनू सिंह


