ग्रेटर नोएडा: साइबर ठग अब लोगों को डराने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ग्रेटर नोएडा में एक बुजुर्ग महिला को गैस कनेक्शन कटने का डर दिखाकर साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से 9.77 लाख रुपये निकाल लिए। ठग ने खुद को आईजीएल गैस कंपनी का अधिकारी बताया और वीडियो कॉल के जरिए गैस बिल की रसीद मांगी। महिला ने जैसे ही रसीद शेयर की, अगले ही दिन उनके खाते से कई ट्रांजैक्शन के जरिए रकम गायब हो गई।
यह मामला ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-P4 स्थित सीनियर सिटीजन होम कॉम्प्लेक्स का है। पीड़ित ने घटना की जानकारी मिलते ही बैंक से संपर्क किया और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अब केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फोन कर कहा- बिल जमा नहीं हुआ, गैस कनेक्शन कट जाएगा
पीड़ित के मुताबिक, 12 जनवरी 2026 को दोपहर करीब एक बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को आईजीएल गैस कंपनी का अधिकारी बताया। उसने कहा कि गैस बिल का भुगतान नहीं हुआ है और अगर बकाया रकम जमा नहीं की गई तो गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा।
महिला ने जब बिल बकाया होने से इनकार किया तो आरोपी ने उन्हें वीडियो कॉल पर बात करने के लिए कहा। वीडियो कॉल के दौरान ठग ने भुगतान का प्रमाण मांगते हुए गैस बिल की रसीद शेयर करने को कहा। महिला ने भरोसा करते हुए वीडियो कॉल पर रसीद भेज दी। रसीद मिलते ही आरोपी ने कॉल काट दी।
अगले दिन खाते से निकलने लगी लाखों की रकम
घटना के अगले दिन शाम करीब 8 बजे से 8:40 बजे के बीच महिला के मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे निकलने के लगातार मैसेज आने लगे। उन्होंने जब खाते की जांच की तो पता चला कि साइबर ठग छह से ज्यादा ट्रांजैक्शन के जरिए करीब 9 लाख 77 हजार रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर चुके हैं। पीड़ित का कहना है कि इन ट्रांजैक्शन के लिए उनसे अलग से कोई अनुमति या ओटीपी नहीं मांगा गया। अचानक इतनी बड़ी रकम निकलने से वह हैरान रह गईं।
रसीद शेयर करना पड़ा भारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सिर्फ गैस बिल की रसीद शेयर करने के बाद साइबर ठगों ने बैंक खाते तक किस तरह पहुंच बनाई। रकम किन-किन खातों में ट्रांसफर हुई और इस पूरे साइबर फ्रॉड के पीछे कितने लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर वीडियो कॉल पर बैंकिंग या निजी दस्तावेज शेयर न करें। गैस कनेक्शन या बिल से जुड़ी कोई समस्या होने पर संबंधित कंपनी के आधिकारिक नंबर या वेबसाइट से ही जानकारी की पुष्टि करें।


