सहारनपुर: भक्ति और श्रद्धा की कोई उम्र नहीं होती, इसे सच साबित कर दिखाया है सहारनपुर के एक छोटे से शिवभक्त ने। गांव देधनोर निवासी 7 वर्षीय कुंज चौधरी इन दिनों अपनी अनोखी कांवड़ यात्रा को लेकर चर्चा में है। कुंज हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गांव तक पैदल यात्रा कर रहा है।
कुंज चौधरी, गांव देधनोर निवासी विपिन चौधरी का बेटा है। इतनी छोटी उम्र में उसने अपने दादा-दादी की खुशी और उनकी लंबी उम्र की कामना को लेकर यह कठिन संकल्प लिया है। कुंज हरिद्वार से कांवड़ लेकर गांव की ओर लगातार आगे बढ़ रहा है।
रास्ते में जब लोग इस नन्हें कांवड़िए को देखते हैं तो उसकी श्रद्धा और हौसले की जमकर तारीफ करते हैं। कांवड़ मार्ग से गुजरने वाले श्रद्धालु और स्थानीय लोग कुंज का उत्साह बढ़ा रहे हैं।

आज के समय में जहां ज्यादातर बच्चे मोबाइल और खेल-कूद में व्यस्त रहते हैं, वहीं कुंज की अपने दादा-दादी के लिए यह आस्था लोगों का दिल जीत रही है। उसकी भक्ति को देखकर लोग उसे ‘कलयुग का श्रवण कुमार’ भी कह रहे हैं।
कुंज के चेहरे पर लंबी यात्रा की थकान नहीं, बल्कि भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था नजर आ रही है। उसका कहना है कि वह हरिद्वार से गंगाजल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेगा और अपने दादा-दादी का आशीर्वाद लेगा।
कुंज की यह कांवड़ यात्रा भक्ति, संस्कार और परिवार के प्रति प्रेम की एक मिसाल बन गई है। उसकी कहानी लोगों को यह संदेश दे रही है कि श्रद्धा और समर्पण के लिए उम्र कभी बाधा नहीं बनती।
यह भी पढे़: https://nation27.com/india/cwg-2026/


