मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र में वझेरा बाईपास पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 40 वर्षीय प्रबल कुमार पुत्र बाबूराम, निवासी रसूलपुर, थाना मोहम्मदाबाद, जनपद फर्रुखाबाद की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि प्रबल कुमार अपने निजी काम से भोगांव आए थे। काम पूरा करने के बाद वह बाइक से अपने गांव रसूलपुर वापस जा रहे थे। बुधवार रात करीब आठ बजे बेवर थाना क्षेत्र के वझेरा बाईपास पर उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रबल कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों के साथ ट्रक चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
उधर, प्रबल कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस द्वारा हादसे की जांच पड़ताल की जा रही है।


