लखनऊ में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी की जयंती सादगी के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश के लिए उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम ने राजीव गांधी को दूरदर्शी नेता बताया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने सूचना तकनीक और संचार के क्षेत्र में बदलाव की नींव रखी, जिसका असर आगे चलकर भारत की विकास यात्रा में दिखाई दिया। उन्होंने पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने और सत्ता के विकेंद्रीकरण की दिशा में किए गए प्रयासों को भी महत्वपूर्ण बताया।
युवाओं और तकनीक पर रहा जोर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि राजीव गांधी का सपना भारत को 21वीं सदी की चुनौतियों के लिए तैयार करना था। उन्होंने युवाओं को 18 वर्ष की उम्र में मतदान का अधिकार देने और पंचायतों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कदमों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में नई पीढ़ी की भागीदारी को मजबूत किया।
अजय राय ने कहा कि राजीव गांधी के दौर में शुरू हुई कंप्यूटर और तकनीक की पहल का फायदा आज देश के युवा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैंकिंग से लेकर कृषि, रक्षा, शिक्षा और रोजगार तक, कंप्यूटर और डिजिटल तकनीक आज रोजमर्रा की जिंदगी और अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा बन चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राजीव गांधी के विचारों और उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों को याद किया। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, सांसद और पदाधिकारी मौजूद रहे।


