पुणे: महाराष्ट्र के पुणे में कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान मनुस्मृति को लेकर बड़ बयान दिया है । राहुल गांधी ने कार्यक्रम के दौरान कहा, ‘मनुस्मृति कहती है लड़की पिता, पति, बच्चों की संपत्ति है, यह शर्मनाक है। महिलाओं को आजाद होना चाहिए, वो किसी पर आश्रित नहीं हैं।’
‘महिलाओं को कंट्रोल करना चाहते हैं पुरुष’
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने आगे कहा, ‘मौजूदा समय में यहां एक जाल है। चार तरीके हैं, जो महिलाओं को नियंत्रित करने के लिए बनाए गए हैं। पहला हिंसा, दूसरा अपमान-अनादर, तीसरा टाइम और चौथा उनको कंट्रोल करने की कोशिश। लेकिन क्या आप इससे सहमत हैं? हमारे समाज में यही होता है। हम हिंसा पर चर्चा करेंगे। ये जो लाइन है कि कुछ हो गया तो… या आप खुद से बोलती हो, बाहर जाएंगे तो कुछ हो गया तो… परिवार कहता है, उधर मत जाओ, कुछ हो गया तो… यही तीन तरह की हिंसा है।’
अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने वहां मौजूद तमाम छात्राओं से मुखातिब होते हुए पूछा, ‘एक आदमी किसी महिला को कंट्रोल क्यों करना चाहता है? क्या आप ये महसूस करती हैं कि एक आदमी पितृसत्ता के तहत आपको नियंत्रित करना चाहता है?’
लोगों के विचार ही देश की ताकत: राहुल
राहुल के इस सवाल पर एक महिला ने कहा कि जब लोग मुझसे कहते हैं कि ‘तुम तो एक महिला हो, तुम तो लड़की हो, सुंदर हो, कोई भी शादी कर लेगा और अच्छा जीवन जिओगी, तो बहुत गुस्सा आता है।’
राहुल ने इसके बाद कहा कि जब पूछा जाता है कि आज इस देश की ताकत क्या है तो कुछ लोग सेना का नाम लेते हैं, तो कुछ लोग किसी और चीज का। लेकिन मुझे लगता है कि इस देश के 70 करोड़ लोगों के विचार ही देश की ताकत है।
30 शर्तों के साथ कार्यक्रम की अनुमति
बता दें कि पुणे में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आयोजन खास तौर पर छात्राओं के लिए किया गया है। राहुल के स्टेज पर पहुंचते ही कार्यक्रम में मौजूद सभी छात्राओं ने “राहुल-राहुल” के नारे लगाए। कांग्रेस सांसद को 30 शर्तों के साथ पुणे पुलिस ने इस कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति दी थी।
अलग-अलग शहरों में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम
नीट प्रवेश परीक्षा समेत कई अन्य परीक्षाओं का पेपर लीक होने के बाद कांग्रेस पार्टी की तरफ से छात्रों के हित में शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने के मकसद से इस कार्यक्रम का आयोजन देश के अलग-अलग हिस्सों में किया जा रहा है। इसकी शुरुआत 17 जून को कोटा से हुई थी। इसके बाद 17 जुलाई को देहरादून और 8 अगस्त को प्रयागराज में इसका आयोजन किया गया था।
रिपोर्ट : कुणाल कौशल


