मोगा: पंजाब के मोगा में पांच महीने पहले खरीदी गई नई इनोवा कार की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी नहीं होने से परेशान दविंदरपाल सिंह नाम के शख्स ने अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए जो तरीका अपनाया वो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल अपना विरोध जताने के लिए गाड़ी को चारे से लाद दिया और फिर उसे बैल की मदद से खिंचवाते हुए सड़क पर उतर आए। शोरूम के बाहर हुए इस अनोखे प्रदर्शन ने सभी का ध्यान खींच लिया। दविंदरपाल सिंह ने टोयोटा कंपनी के शोरूम के सामने से विरोध शुरू किया और जीटी रोड होते हुए मोगा शहर तक अपनी गाड़ी को खिंचवाकर अपनी परेशानी जाहिर की.
31 लाख में बुक कराई थी गाड़ी
दविंदरपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने करीब पांच महीने पहले इनोवा गाड़ी की बुकिंग 31 लाख 30 हजार रुपये में करवाई थी। इसके बाद एजेंसी की ओर से गाड़ी की कीमत बढ़ने की जानकारी दी गई। कीमत बढ़ने के बाद उन्होंने करीब 54 हजार रुपये अतिरिक्त राशि भी जमा करवाई, लेकिन इसके बावजूद वाहन का रजिस्ट्रेशन नहीं हो सका।
RTO में सामने आया बिलिंग का विवाद
ग्राहक का कहना है कि जब वह गाड़ी की आरसी बनवाने के लिए चंडीगढ़ स्थित आरटीओ कार्यालय पहुंचे तो वहां बिलिंग राशि और आरटीओ रिकॉर्ड में दर्ज राशि में अंतर की बात सामने आई। आरटीओ अधिकारियों ने उन्हें बताया कि जब तक बिलिंग की जानकारी सही नहीं होगी, तब तक गाड़ी का रजिस्ट्रेशन पूरा नहीं किया जा सकता।
कंपनी और एजेंसी पर लगाए कई आरोप
दविंदरपाल सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कंपनी और एजेंसी के अधिकारियों से कई बार संपर्क किया, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया। उनका कहना है कि मोगा में संबंधित एजेंसी की बिलिंग व्यवस्था नहीं होने के कारण बिलिंग लुधियाना से की जाती है, जिसके चलते उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


