देवरिया जिले से भाजपा के भीतर आपसी टकराव का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गौरीबाजार थाना क्षेत्र के खरोह चौराहे पर भाजपा के राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक शिवानंद द्विवेदी के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक और नेता पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर भाजपा के दो गुटों के बीच विवाद खड़ा हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई शुरू हो गई और मामला इतना बढ़ गया कि बीच सड़क पर लाठी-डंडे तक चलने लगे। इस मारपीट के दौरान मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई और कई लोग चोटिल हो गए। इस झड़प में शुभम जायसवाल नामक व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई मारपीट और अफरा-तफरी का नजारा साफ देखा जा सकता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। विवाद की असली वजह और इसमें शामिल आरोपियों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
जैसे-जैसे उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे है सत्ता दल में भी नेताओं के बीच की दूरियां बढ़ने लगी है। भाजपा में दो गुटों के बीच में लाठी डंडे चल गए। जिसके माना जा रहा है कि दोनों दलों के नेता अपने लिए टिकट की दावेदारी कर रहे है। बेशक अभी विधानसभा चुनावों में समय कम बचा है लेकिन पार्टी में टिकट को लेकर घमासान चल रहा है।
रिपोर्ट- कृष्णनंद गुप्ता/ सोनू सिंह (देवरिया)

