नोएडा: दिल्ली से सटे यूपी के नोएडा में सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के चौड़ा गांव से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है । बीते 9 दिन से लापता चल रहे नाबालिग आयुष का शव नाले से बरामद होने के बाद अब उसके माता-पिता का रो रोकर बुरा हाल है । आयुष की मां ने बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपी के एनकाउंटर की मांग की है ।
दरअसल चार दिन पहले एक बच्चे का शव नाले में मिला था जिसकी पहचान अब आयुष के रूप में हुई है। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने आयुष के दो नाबालिग दोस्तों पर उसे बर्थडे पार्टी के बहाने घर से बुलाकर ले जाने और उसकी हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बर्थडे पार्टी के बहाने घर से बुलाने का आरोप
परिवार का आरोप है कि आयुष को उसके दो दोस्त असद और बिरजू बर्थडे पार्टी ले जाने की बात कहकर घर से बुलाकर ले गए थे। परिजनों के मुताबिक, इसके बाद आयुष वापस घर नहीं लौटा। काफी समय तक इंतजार करने के बाद जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
आयुष के अचानक गायब होने के बाद परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था। रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच नाले में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना ने परिवार की चिंता और बढ़ा दी। चार दिन पहले बरामद हुए शव की पहचान अब आयुष के तौर पर होने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
मां ने की आरोपी के एनकाउंटर की मांग
आयुष की मां ने अपने बेटे की मौत को हादसा मानने से इनकार किया है। उनका आरोप है कि बेटे को उसके दोस्त पार्टी के बहाने लेकर गए थे और इसके बाद उसकी हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया गया। वीडियो में मां ने भावुक होकर कहा, “मेरा बेटा घर से बर्थडे पार्टी की बात कहकर गया था। मुझे क्या पता था कि वह फिर कभी वापस नहीं आएगा। उन्होंने कहा, ‘मेरे बच्चे को किचन वाले चाकू से काट डाला, हाथ-पैर का अब तक पता नहीं है, आयुष की मां ने रोते हुए कहा कि, मेरे बच्चे को इंसाफ दिला दो, उसका (आरोपी) का एनकाउंटर करा दो.’
पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए कई टीमें गठित की हैं। पुलिस की टीमें आयुष के दोस्तों, उसके संपर्क में रहने वाले लोगों और घटना से जुड़े अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आयुष आखिरी बार किन लोगों के साथ था, उसे कहां ले जाया गया और उसके बाद उसके साथ क्या हुआ। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। साथ ही आयुष के मोबाइल फोन और उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट जांच में अहम भूमिका निभाएगी। इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि आयुष की मौत कैसे हुई और उसके शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान थे या नहीं।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिवार की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नौ दिन से बेटे की तलाश में था परिवार
आयुष के लापता होने के बाद से ही उसका परिवार बेहद परेशान था। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे थे। उन्हें उम्मीद थी कि पुलिस की मदद से उनका बेटा सुरक्षित वापस मिल जाएगा। लेकिन नाले से उसका शव मिलने के बाद परिवार की सारी उम्मीदें टूट गईं।
अब परिजन सिर्फ यही मांग कर रहे हैं कि अगर आयुष की हत्या हुई है तो इसके पीछे जो भी लोग हैं, उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। वहीं, पुलिस भी मामले की हर कड़ी जोड़ने में जुटी है। नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में हुई इस घटना ने एक बार फिर नाबालिगों की सुरक्षा और बच्चों की संगत को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट : यूनूस आलम


