मेरठ जनपद स्थित हस्तिनापुर के एक स्कूल का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक स्कूल अध्यापक कक्षा में बैठे छात्र को लगातार थप्पड़ मार रहा है। इस दौरान उसने 28 सेकंड में छात्र को 17 थप्पड़ जड़ दिए। घटना की वीडियो सामने आने के बाद स्कूल की यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
स्कूल की क्लास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में साफ देखा जा सकता है। कि एक अध्यापक अपनी कक्षा के छात्र पर लगातार थप्पड़ मार रहा है। छात्र का कसूर इतना था कि उसकी किसी बात पर अपने सहपाठी से कहासुनी हो गई थी। अध्यापक ने छात्र को कक्षा में सभी छात्रों के सामने थप्पड़ जड़ दिए।
पीड़ित छात्र के पिता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। अपने बेटे के साथ हुई इस बर्बरता को देखकर वह काफी दुखी है। एक पिता के लिए इससे बड़ा सदमा और क्या हो सकता है कि जिस स्कूल में वह अपने बच्चे को सुरक्षित समझकर भेजता है, वहां उसे इस तरह प्रताड़ित किया जाए।
दुखी पिता तुरंत पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दर्ज कराते हुए दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि किसी भी बच्चे के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज को इस पूरे प्रकरण में सबसे अहम सबूत माना जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की गहनता से पड़ताल की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।


