लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राजधानी लखनऊ में चल रही अहम बैठक समाप्त हो गई। बैठक में प्रदेश के 75 जिलों के पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बसपा सुप्रीमो मायावती ने आगामी चुनाव समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान मायावती ने पार्टी नेताओं को अपने-अपने जिलों में सीधे जनता से जुड़ने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के निर्देश दिए। नेताओं से कहा गया कि वे बूथ स्तर तक पहुंचकर बसपा शासनकाल की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाएं और लोगों को पार्टी की नीतियों एवं कार्यों के बारे में जानकारी दें।
मायावती ने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने पर भी जोर दिया। माना जा रहा है कि आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर यह बैठक बसपा के लिए काफी अहम रही।प
यह भी पढ़ें-चुनाव से पहले फुल एक्शन मोड में योगी, 24 घंटे में UP के 8 शहरों में ताबड़तोड़ एनकाउंटर्स
बैठक में बसपा संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि 9 अक्टूबर को लेकर भी चर्चा हुई। पार्टी की ओर से इस मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और तैयारियों को लेकर भी नेताओं को दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद अब बसपा नेताओं के सामने जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और जनता के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने की चुनौती होगी।


