बिजनौर: यूपी के बिजनौर में पुलिस ने ऐसे ठगों को गिरफ्तार किया है जो पिछले कई सालों से साधु की वेश-भूषा में भोले- भाले लोगों को शिकार बना कर उनसे ठगी करते थे। आरोपी महिलाओं और ऐसे लोगों को मृत्युदंड का खौफ बताकर उनके शरीर से सोने के गहने उतरवाकर गायब हो जाया करते थे. इसके बाद आरोपी अगले शिकार की तलाश में जुट जाते थे।
महिलाओं को धर्म का डर दिखाकर करते थे ठगी
बिजनौर के एसपी ने साधुओं की पोशाक पहनकर लोगों को निशाना बनाने वाले दो ठगों का पर्दाफाश किया है। इनके पास से ठगी के सोने के आभूषण भी बरामद हुए हैं। पुलिस के हत्थे चढ़े ये ठग उत्तराखंड के रहने वाले हैं।
आरोपी पिछले कई सालों से साधु-संतों की पोशाक पहनकर अंतराज्यीय स्तर पर हाईवे और सुनसान सड़कों पर खड़े होकर महिलाओं को अपनी बातों में फंसाते थे। फिर धर्म और ईश्वर के नाम पर डरा धमकाकर पहने हुए गहने उतरवा लेते थे और उसे लेकर मौके से फरार हो जाते थे.।
साधु की वेश-भूषा में ढूंढते थे शिकार
बिजनौर के नए एसपी के के बिश्नोई ने जाल बिछाकर ठगी करने वाले इस फर्जी साधु को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि साधु की पोशाक की आड़ में काफी अरसे से ठगी करने का काम कर रहे थे। पुलिस को आरोपी ठगो ने बताया कि उनके घर में शादी है जिसकी वजह से वो सड़क किनारे महिलाओं को ठगी का शिकार बना रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
रिपोर्ट : गौरव वर्मा


