अयोध्या: राम मंदिर ट्रस्ट के लिए सीईओ के नाम का ऐलान हो गया है. जितेंद्र मिश्रा को अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट का पहला सीईओ नियुक्त किया गया है. वो वायुसेना में एयर मार्शल के पद से रिटायर हुए थे और उन्हें वायुसेना में लंबा प्रशासनिक अनुभव भी है. इस नियुक्ति के बाद श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कामकाज में जल्द बड़ा बदलाव दिखेगा. खास बात ये है कि जितेंद्र मिश्रा का ऑपरेशन सिंदूर में अहम भूमिका रही थी.
नए सीईओ की क्या जिम्मेदारी होगी ?
राम मंदिर ट्रस्ट के नए सीईओ जितेंद्र मिश्रा की मुख्य ज़िम्मेदारी राम मंदिर की सुरक्षा, वित्तीय प्रबंधन, श्रद्धालुओं के दर्शन की बेहतर व्यवस्था और प्रशासनिक जिम्मेदारियों को निभाना होगा.
बता दें कि इससे पहले ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति की प्रक्रिया को लेकर तीन सदस्यीय समिति ने तीन नामों का पैनल तैयार किया था. इस पैनल ने मंगलवार को ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास को नामों की सूची सौंपी थी.
पैनल ने सुझाए थे तीन नाम
समिति में अध्यक्ष के रूप में रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली, डॉ. सुरेश हावड़े और रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी शामिल थे. बताया जा रहा है कि बैठक में CEO की भूमिका, जिम्मेदारियां, अधिकार क्षेत्र और वेतन से लेकर नियुक्ति की अवधि तक पर फैसला लिया गया है.
इसके साथ ही तीन साल की अवधि पूरी होने के बाद CEO के कार्यकाल को आगे बढ़ाने या नई नियुक्ति के लिए भी नियम तय किए जा सकते हैं. बैठक में ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्णमोहन, कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि, ट्रस्टी महंत दिनेंद्रदास समेत अन्य लोग शामिल हुए थे.


