प्रयागराज: यूपी के प्रयागराज में आलोक गुप्ता नाम के शख्स की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस हत्यकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक मृतक से उधार लिए पैसे, उसके रहन-सहन से ईर्ष्या और बेरोजगार, नौकर कहकर मजाक उड़ाए जाने से नाराज होकर दो साथियों संग मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपी का साथ उसके दो दोस्तों शुभम यादव और अंकुश यादव ने दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल अवैध पिस्टल, खोखा, चार मोबाइल फोन, ब्लूटूथ और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है।
मध्य प्रदेश में मिला था शव
पुलिस के अनुसार प्रतापगढ़ निवासी आलोक गुप्ता (27) धूमनगंज के हरवारा स्थित अम्बर अपार्टमेंट में किराये के कमरे में रहता था। 22 अगस्त को उसकी मां रेखा देवी ने उसके लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसी बीच मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र में सेल्फी प्वाइंट के पास नीले रंग के बैग में अज्ञात शव मिलने की सूचना सामने आई। आलोक के भाई अनुराग गुप्ता ने रीवा पहुंचकर कपड़ों, बैग और फोटो के आधार पर शव की पहचान अपने भाई के रूप में की।
इसके बाद धूमनगंज पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान अम्बर अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज में 11 अगस्त को तीन लोग एक भारी नीले रंग का बैग स्विफ्ट कार में रखते हुए दिखाई दिए। इसमें एक की पहचान शुभम तिवारी के रूप में हुई। जांच के बाद पुलिस ने शुभम यादव और अंकुश यादव की पहचान कर तीनों को सूबेदारगंज फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया।
गोली मारने के बाद दबाया मुंह और गला
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक शुभम तिवारी ने बताया कि आलोक उसका मित्र था और शादियों में फोटोग्राफी का काम करता था। उसे अच्छे पैसे मिलते थे। शुभम ने आलोक से काफी रुपये उधार ले रखे थे और उसके रहन-सहन से ईर्ष्या भी रखता था। आरोप है कि आलोक उसे बेरोजगार और अपना नौकर कहकर मजाक उड़ाता था। इसी से कुंठित होकर शुभम ने अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
हत्यारों पर पुलिस ने रखा था इनाम
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने आलोक को गोली मार दी। गोली लगने के बाद जब वह चिल्लाने लगा तो उसका मुंह और गला दबा दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को नीले बैग में रखकर कार से मध्य प्रदेश के रीवा स्थित सोहागी क्षेत्र में ले जाकर फेंक दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शुभम तिवारी (19), शुभम यादव (20) और अंकुश यादव (19) शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध पिस्टल, एक खोखा कारतूस, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक ब्लूटूथ और घटना में इस्तेमाल कार बरामद किया है.


