लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में उत्तर प्रदेश के आबकारी विभाग ने राजस्व वसूली में नया रिकॉर्ड बनाया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले पांच महीनों यानी अप्रैल से अगस्त तक विभाग ने 24,795.52 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाया है। पिछले साल इसी अवधि में 22,337.62 करोड़ रुपये की आमदनी हुई थी। इस तरह इस साल राजस्व में 2,457.90 करोड़ रुपये यानी करीब 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। आबकारी विभाग ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए 71,278 करोड़ रुपये का लक्ष्य तय किया है। इसमें से पांच महीने में करीब 34.8 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा चुका है।
अगस्त में 3,933 करोड़ रुपये की शराब पी गए यूपी के लोग
शराब बिक्री के मामलों में अगस्त के महीने में विभाग में पैसों की बारिश हुई है, सावन का महीना होने के बावजूद शराब की बिक्री पहले के मुकाबले काफी ज्यादा हुई, अगस्त महीने में आबकारी विभाग को 3,933.10 करोड़ रुपये का राजस्व मिला।
पिछले साल अगस्त में यह रकम 3,754.43 करोड़ रुपये थी। यानी इस बार अगस्त में 178.67 करोड़ रुपये ज्यादा राजस्व मिला। सावन के महीने में भी यूपी में जमकर शराब की बिक्री हुई है| इससे पहले अप्रैल में 5,248.06 करोड़, मई में 5,387.63 करोड़, जून में 5,173.87 करोड़ और जुलाई में 5,052.86 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल हुआ था।
अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई
राजस्व बढ़ाने के साथ ही आबकारी विभाग अवैध शराब के कारोबार पर भी लगातार शिकंजा कस रहा है। अप्रैल से जून 2026 के बीच 29,294 मुकदमे दर्ज किए गए। इस दौरान करीब 9.01 लाख लीटर अवैध शराब और मादक पदार्थ बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान 4,673 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 819 आरोपियों को जेल भेजा गया। संवेदनशील इलाकों में छापेमारी, गश्त और चेकिंग का सिलसिला जारी है। अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ नियम के मुताबिक सख्त कार्रवाई की भी जा रही है।
रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय, ब्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश


