गोरखपुर: शिक्षक दिवस के मौके पर भावी पीढ़ी को गढ़ने और शिक्षा के क्षेत्र में नई तकनीक अपना कर बच्चों को आगे बढ़ाने वाले यूपी के 81 शिक्षकों को टीचर्स डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मानित करेंगे। 5 सितंबर को गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, चयनित शिक्षकों को ‘राज्य अध्यापक पुरस्कार 2025’ और ‘मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार 2025’ से सम्मानित करेंगे.
81 टीचरों को मिलेगा पुरस्कार
पुरस्कार के लिए चयनित कुल 81 शिक्षकों में बेसिक शिक्षा विभाग के 61 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 शिक्षक शामिल हैं। इनमें 33 महिला शिक्षक (31 बेसिक और 2 माध्यमिक) शामिल हैं। शिक्षक दिवस पर होने वाले समारोह में बेसिक और माध्यमिक के 76 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। जबकि स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों के 5 शिक्षकों को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि स्ववित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षकों के लिए मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार की शुरुआत साल 2018 में सीएम योगी ने ही की थी।
4000 किलोमीटर मुफ्त बस यात्रा की सुविधा
राज्य अध्यापक पुरस्कार मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रत्येक शिक्षक को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और 25 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षकों की सेवानिवृत्ति की आयु सीमा में दो साल की वृद्धि होगी। इन शिक्षकों को आजीवन उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में हर साल 4000 किलोमीटर की निशुल्क यात्रा की पात्रता मिलेगी।
गोरखपुर में होगा कार्यक्रम का आयोजन
पुरस्कार प्राप्त करने के लिए प्रदेश भर से गोरखपुर आए चयनित सभी शिक्षकों को शासन की ओर से विशिष्ट अतिथि के रूप में होटलों में ठहराने की व्यवस्था की गई है। शनिवार को होने वाले शिक्षक दिवस पुरस्कार वितरण समारोह को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी और बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह भी संबोधित करेंगे।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार


