उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि लोगों के बीच उनकी पकड़ कितनी मजबूत है। देश के तमाम मुख्यमंत्रियों में सबसे ज्यादा फॉलोअर्स के मामले में वे अव्वल नंबर पर पहुंच गए है। उनके फॉलोअर्स की गिनती लगातार बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोशल मीडिया फॉलोअर्स की संख्या 6.33 करोड़ से भी अधिक है। यह आंकड़ा देश के किसी भी अन्य मुख्यमंत्री से कहीं अधिक है। सोशल मीडिया X पर उनके करीब 3.27 करोड़ फॉलोअर्स हैं, इंस्टाग्राम पर लगभग 1.80 करोड़ यूजर उन्हें फॉलो करते हैं, जबकि फेसबुक पर उनकी मौजूदगी को करीब 1.30 करोड़ लोग पसंद करते हैं। इन तीनों प्लेटफॉर्म को मिला दिया जाए, तो यह आंकड़ा 6.33 करोड़ के पार चला जाता है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
इस सूची में दूसरे स्थान पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और मशहूर अभिनेता विजय का नाम है। विजय के करीब 3.24 करोड़ फॉलोअर्स हैं। फिल्मी दुनिया से सियासत में कदम रखने वाले विजय की लोकप्रियता भी कम नहीं है, लेकिन योगी आदित्यनाथ के आंकड़ों के सामने वे काफी पीछे हैं। वहीं इस पूरी सूची में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी काफी नीचे पायदान पर नजर आए, जो इस बात को दर्शाता है कि हर नेता की डिजिटल पहुंच अलग-अलग है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि योगी आदित्यनाथ लगातार अपने सरकारी कामकाज, विकास परियोजनाओं और सार्वजनिक कार्यक्रमों को सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं। इसके अलावा उनकी छवि एक कड़क और निर्णायक नेता की रही है, जिसे लेकर आम जनता में खासा उत्साह देखने को मिलता है। यही वजह है कि उनके फॉलोअर्स की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और वे देश के सबसे अधिक फॉलो किए जाने वाले मुख्यमंत्री बन चुके हैं


