नोएडा: दिल्ली से सटे यूपी के नोएडा (Noida) में डूब क्षेत्र में रहने वाले लोग बिजली-पानी की मांग को लेकर सड़कों पर उतर गए हैं। हजारों लोगों के प्रदर्शन को देखते हुए भारी पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है।
एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने खुद मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है और भीड़ को समझाने की कोशिशि कर रही हैं। सड़क पर हजारों लोगों और किसानों के उतरते ही पर्थला इलाके में लंबा जाम लग गया और वाहनों की रफ्तार थम गई।
बिजली-पानी की मांग को लेकर प्रदर्शन
भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर ख़लीफ़ा के नेतृत्व में सड़क पर उतरे डूब क्षेत्र के लोग हाथों में पोस्टर और बैनर लिए हुए हैं जिस पर लिखा हुआ है कि हम अपना हक लेकर रहेंगे।
बता दें कि पिछले कई दिनों से पर्थला गांव के पास ये लोग बिजली की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इसको लेकर किसान नेता सुखबीर ख़लीफ़ा ने कहा जब तक लिखित आश्वासन नहीं मिलता तब तक यह धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
क्या है नोएडा का डूब क्षेत्र
यमुना और हिंडन नदियों के किनारे के निचले हिस्से को नोएडा का डूब क्षेत्र कहा जाता है। बारिश या बाढ़ के दिनों में नदियों इन इलाकों में पानी फैल जाता है। सरकार के नियमों के मुताबिक डूब क्षेत्र में किसी भी तरह का पक्का निर्माण, फार्म हाउस, या व्यावसायिक इमारत गैरकानूनी और प्रतिबंधित है. हालांकि इसके बाद भी डूब क्षेत्र में जमीन की बिक्री और निर्माण लगातार हो रहे हैं।
रिपोर्ट: यूनुस आलम


