कौशांबी: यूपी के कौशांबी (Kaushambi) में रवि यादव की हत्या के मामले को पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझाने का दावा किया है. दरअसल स्विफ्ट कार की डिग्गी में मिले रवि यादव के शव के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर इस हत्याकांड से पर्दा उठा दिया।
पुलिस के मुताबिक, रवि अपने मामा के बेटे संदीप यादव और शानू यादव के साथ महमदपुर में पार्टी करने आया था। मृतक रवि प्रयागराज के बलीपुर जैतवार का रहने वाला था। शराब पीने के दौरान रवि ने संदीप की बहन से शादी की बात की जिसको लेकर विवाद हो गया।
ईंट से सिर और सीने पर किया था वार
आरोप है कि विवाद के बाद संदीप और शानू ने ईंट से सिर और सीने पर वार कर रवि की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए स्विफ्ट कार की डिग्गी में डाल दिया और खेत में कार छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
पुलिस ने संदीप यादव और शानू यादव को झलवा फनगांव के पास गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट बरामद कर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया।
रिपोर्ट: चंद्रशेखर


