बस्ती: आजाद समाज पार्टी कांशीराम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण (Chandrashekhar Azad) आज बस्ती पहुंचे। उन्होंने रुधौली बाजार में जन जागरण सत्ता परिवर्तन यात्रा निकाली, साथ ही बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में शामिल हुए। Nation 27 से खास बातचीत में उन्होंने 2027 के चुनाव और मायावती को लेकर भी अपनी बात रखी।
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनकी पार्टी ने जनता से गठबंधन किया है और जनता के साथ गठबंधन करके ही चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि 2024 में पार्टी ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें एक सीट पर जीत मिली, जबकि दूसरी सीट पर सम्मानजनक वोट हासिल हुए।
चंद्रशेखर ने बताया चुनाव प्लान
उन्होंने कहा कि चुनाव के पहले हो या बाद में, उनकी पार्टी जनता के बीच रहती है और जनता के मुद्दों को लेकर होने वाले आंदोलनों में भी शामिल रहती है।
मायावती के सवाल पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बहन जी उनके लिए हमेशा सम्माननीय रही हैं और वो उनका सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के मुद्दों को लेकर दोनों अलग-अलग चुनाव लड़ते हैं।
मायावती के भतीजों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने इसे मायावती का पारिवारिक मामला बताया और कहा कि वे इस पर कुछ नहीं बोल सकते। साथ ही कहा कि मिशन का काम करने वालों के लिए आजाद समाज पार्टी के दरवाजे खुले हैं।
रिपोर्ट: इमरान अली


