मऊ: यूपी के मऊ (Mau) जिले की रहने वाली 8 साल की काव्या सिंह ने स्कूल जाने के लिए जिलाधिकारी मऊ से गुहार लगाई है जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। दरअसल बच्ची ने अधिकारी से गुहार लगाई की रास्ता बनवा दीजिए स्कूल आने-जाने में बहुत दिक्कत होती है।
मासूम ने छात्रा से लगाई गुहार
रास्ते में पानी भर जाने से हम उसमें गिर जाते है जिससे स्कूल का ड्रेस खराब हो जाता है, कीड़े-मकोड़े के काटने का डर बना रहता है। स्कूल में लेट पहुंचने पर डांट भी सुननी पड़ती है, जिसके लिए कई बार शिकायत अधिकारियों से की है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। कृपया डीएम से रास्ता बनवा दीजिये जिससे हम स्कूल में पढ़ने के लिए समय से जा सकें।
दरअसल काव्या सिंह नाम की यह बच्ची कृषि विभाग के वार्ड नंबर 7 की विवेकानंद कॉलोनी की रहने वाली है। इसके पिता सीआरपीएफ (जम्मू-कश्मीर) में तैनात है। वो अपनी मम्मी और परिजनों के साथ घर पर ही रहकर पढ़ाई करती है। उसके घर से स्कूल जाने वाले रास्ते पर खेत में पानी भरा हुआ है उसी रास्ते से वह रोज स्कूल पढ़ने के लिए जाती है।
बच्ची के वायरल वीडियो पर डीएम ने क्या कहा ?
बच्ची ने बताया कि वह कई बार उसमें गिर गई है, लिखित शिकायत भी अधिकारियों से की है लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं हुई है। इसके बाद से बच्ची ने डीएम से गुहार लगाई है कि मेरे स्कूल जाने का रास्ता बनवा दीजिए, आने-जाने में डर बना रहता है। कीड़े-मकोड़े जूते में जाने का भी डर रहता है।
वहीं इस वीडियो को लेकर जिलाधिकारी ने बताया कि बच्ची का वायरल वीडियो देखा है। रास्ता बहुत ही खराब है, स्कूल आने-जाने में बच्ची को बहुत दिक्कत हो रही है। यह नगर पालिका क्षेत्र में आता है। इस पर जांच कराकर उसको बनवाने का काम किया जाएगा जिससे बच्ची को स्कूल जाने में कोई दिक्कत ना हो ।


