उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए एक साथ कई IAS अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में सबसे अधिक असर जिलाधिकारी (DM) स्तर पर देखने को मिला है, जहां प्रदेश के 14 जिलों में नए जिलाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। तबादला सूची के अनुसार, अनुनय झा को हरदोई से मुरादाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि राहुल पांडेय को विशेष सचिव (राज्य कर) के पद से हरदोई का नया DM नियुक्त किया गया है। इसी तरह एम. अरुन्मोली को आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष पद से एटा की जिलाधिकारी बनाया गया है।
अन्य जिलों में भी बड़े बदलाव देखने को मिले। संजय चौहान को अमेठी से कुशीनगर, तो महेंद्र सिंह तंवर को कुशीनगर से कानपुर नगर का जिलाधिकारी बनाया गया है। संतकबीरनगर, पीलीभीत और बलिया में भी क्रमशः अनुज मलिक, आलोक कुमार और ज्ञानेन्द्र सिंह को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा बागपत, महोबा, बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर जैसे जिलों में भी नए DM नियुक्त किए गए हैं। शासन के विशेष सचिव स्तर के कई अधिकारियों को सीधे जिलों की कमान सौंपी गई है, जो यह दर्शाता है कि सरकार जमीनी स्तर पर प्रशासनिक मजबूती पर विशेष ध्यान दे रही है।
यह भी पढ़ें- ट्रक ड्राइवर को तीसरी बार मिला 3.68 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस, कन्नौज का मामला
तबादलों की इस सूची में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) स्तर पर भी हलचल देखने को मिली। विजय कुमार सिंह, संतोष बहादुर सिंह और विशाल कुमार जैसे अधिकारियों को अलग-अलग जिलों में CDO के पद पर तैनात किया गया है। साथ ही, कुछ अधिकारियों को विकास प्राधिकरणों, औद्योगिक विकास प्राधिकरणों जैसे (YEIDA, UPEIDA, Invest UP) और निगमों में महत्वपूर्ण पदों पर भेजा गया है। यह फेरबदल शासन के नियमित प्रशासनिक पुनर्गठन का हिस्सा माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य जिलों में प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाना और विभिन्न विभागों में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करना है। नई तैनाती वाले सभी अधिकारियों से जल्द से जल्द अपने-अपने पदभार ग्रहण करने की उम्मीद जताई गई है।
रिपोर्ट- सोनू सिंह


