रायबरेली: यूपी के रायबरेली (Raebareli) में मैट्रीमोनियल साइट के जरिए शादी का झांसा देकर साइबर ठगी करने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। साइबर फ्रॉड करने वाले गैंग के चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी ठग मैट्रीमोनियल साइट पर फर्जी पहचान बनाकर युवतियों को शादी का झांसा देते थे. पुलिस के मुताबिक ठग खुद को एनआरआई बताकर युवतियों को रिश्ते की रिक्वेस्ट भेजते थे। इसके बाद बातचीत बढ़ाकर उन्हें अपने जाल में फंसाते और विदेश से महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाते थे।
साइबर ठग मैट्रीमोनियल साइट का लेते थे सहारा
मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि साइबर ठग मैट्रीमोनियल साइट पर आकर्षक तस्वीरों का इस्तेमाल करते थे। इन तस्वीरों को AI की मदद से तैयार किया जाता था, जिससे फर्जी प्रोफाइल वास्तविक नजर आए। लड़कियों से संपर्क होने के बाद आरोपी खुद को विदेश में रहने वाला एनआरआई बताते थे और शादी का प्रपोजल देते थे।
रिश्ता तय होने के बाद गैंग के सदस्य पीड़िता को बताते थे कि विदेश से उसके लिए महंगा गिफ्ट भेजा गया है। इसके बाद गैंग का एक अन्य सदस्य कस्टम अधिकारी बनकर पीड़िता से संपर्क करता था। वह गिफ्ट क्लीयर कराने के नाम पर कस्टम टैक्स या अन्य शुल्क जमा करने के लिए रकम मांगता था।
ठगी के बाद बंद कर लेते थे मोबाइल
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के बताए गए खाते में रकम ट्रांसफर करते ही आरोपी मोबाइल नंबर बंद कर देते थे और संपर्क तोड़ देते थे। इस तरह आरोपी शादी और विदेश से गिफ्ट भेजने का झांसा देकर साइबर ठगी को अंजाम देते थे।
वहीं इस मामले को लेकर सीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने कितनी युवतियों को अपना निशाना बनाया और ठगी के जरिए कितनी रकम हासिल की।
रिपोर्ट: केशवानंद शुक्ला


