जापान के आइची-नागोया शहर में चल रहे 20वें एशियन गेम्स 2026 में शनिवार का दिन भारतीय खेल प्रेमियों के लिए बेहद खास रहा। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को कड़े संघर्ष के बाद 37-34 के स्कोर से मात देकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। यह जीत भारत के लिए एशियन गेम्स 2026 का तीसरा गोल्ड मेडल है और खेल प्रेमियों के उत्साह को और बढ़ा गई है। तोकाई सिटीजन्स जिमनेजियम में खेले गए इस फाइनल मुकाबले में ईरान की टीम ने भारतीय खिलाड़ियों को हर मोर्चे पर कड़ी चुनौती दी। मैच के अंतिम क्षणों तक स्कोर बेहद करीबी बना रहा और ईरानी टीम वापसी की पूरी कोशिश करती नजर आई। लेकिन भारतीय डिफेंस ने अहम मौके पर एक जबरदस्त टैकल लगाकर मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली, जिसने जीत की राह आसान बना दी।
पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहीं संजू देवी ने फाइनल में भी अपनी छाप छोड़ी और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। भारतीय टीम में पूजा, राज रानी, सोनाली विष्णु शिंगाटे, पुष्पा, भावना देवी, ऋतु, संजू देवी, ऋतु नेगी, मनीषा कुमारी, पिंकी रॉय, ज्योति और निकिता शामिल रहीं। यह भारत का चौथा एशियन गेम्स स्वर्ण और लगातार दूसरा गोल्ड मेडल है, क्योंकि टीम ने पिछले हांगझोऊ संस्करण में भी खिताब जीता था। गौरतलब है कि भारत केवल 2018 में एक बार फाइनल हारा था, जब ईरान ने पहली बार इतिहास रचते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। इस स्वर्ण पदक के साथ भारत की कुल पदक संख्या 27 हो गई है, जिसमें तीन स्वर्ण, 11 रजत और 13 कांस्य पदक शामिल हैं। इसी दिन सावन बरवाल ने पुरुष मैराथन में रजत पदक जीतकर 44 साल का इंतजार खत्म किया, वहीं महिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन टीम स्पर्धा में भी भारत को रजत पदक मिला। स्क्वैश में जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार ने मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक जीता। भारतीय पुरुष कबड्डी टीम भी शनिवार को ईरान के खिलाफ गोल्ड मेडल मैच खेलने उतरेगी।
























