लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में सीटों के बंटवारे को लेकर कलह खुलकर सामने आ गई है. समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव (Shivpal Yadav) ने राहुल गांधी की पार्टी (कांग्रेस) को लेकर बड़ा बयान दिया है. शिवपाल यादव ने कहा कि कांग्रेस चाहे जहां से भी चुनाव प्रचार शुरू कर ले, लेकिन 2027 में जीत समाजवादी पार्टी की ही होगी।
जीत सिर्फ सपा की होगी: शिवपाल यादव
दरअसल सपा महासचिव शिवपाल यादव एक निजी उद्घाटन के कार्यक्रम में पहुंचे थे जहां उन्होंने यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के दिए बयान पर पलटवार किया। यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा था कि उन्होंने रायबरेली से शुरुआत की है तो हम उनके गढ़ सैफई से करेंगे।
इस पर शिवपाल यादव ने तंज कसते हुए कहा, ‘उन्हें छूट है, हमारे जसवंतनगर में कांग्रेस को वोट नहीं मिलेगा। वहीं PDA चुनाव रथ को लेकर शिवपाल यादव ने कहा, समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता 2027 के चुनाव के लिए लग गए हैं और समाजवादी पार्टी 2027 में सरकार बनाने जा रही है।
ज्ञानेश कुमार को जनता रोकेगी: शिवपाल
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लगे आरोपों को लेकर शिवपाल यादव ने कहा, उन्हें जनता रोकेगी, जनता ने मांग शुरू कर दी है, बेईमानी के खिलाफ आप लोग देख ही रहे हैं तीन में से दो लोग ईमानदारी से काम कर रहे हैं, उनकी बात मानी नहीं जा रही है, बहुमत पर वहां निर्णय होता है, बेईमानी को जनता रोकेगी।
वहीं ओम प्रकाश राजभर के जाली टोपी वाले बयान को लेकर शिवपाल यादव ने कहा अब हम उनके बारे में बहुत बोल चुके हैं, हमसे उनके बारे में सवाल मत पूछा करें।
बता दें कि जसवंतनगर विधानसभा सीट को शिवपाल यादव के सुरक्षित सीटों में से एक माना जाता है। इस परंपरागत सीट पर उनके पुत्रवधू के चुनाव लड़ने की चर्चा है. हालांकि इस पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने सवाल को टाल दिया। बता दें कि कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी से गठबंधन के लिए कम से कम 100 प्लस सीटों की मांग की है।
रिपोर्ट: रोहित सिंह चौहान
























