नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल व उसके आस-पास देर रात से निरंतर मूसलाधार बारिश व तेज हवाओं का दौर चल रहा है। जिसके चलते जिला प्रशासन ने एक दिवसीय स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया। बता दें कुछ दिनों से मौसम सुहावना हो गया था पर मौसम विभाग की भविष्यवाणी के बाद देर शाम से ही हल्की हल्की बूंदाबांदी होनी शुरू हो गई, देर रात तेज हवाओं के साथ भयंकर बारिश का दौर शुरू हो गया।
नैनीताल जिला प्रशासन ने एक दिन पहले शुक्रवार को अवकाश घोषित कर दिया था। मूसलाधार बारिश से पर्यटक भी अपने होटल व कमरों में कैद हो कर रह गए। नैनीताल व उसके आसपास पूरी तरह सन्नाटा छाया हुआ है। नालियों के बन्द हो जाने से बरसात का पानी सड़को पर बह रहा है। बारिश के कारण ठंड में भी इजाफा हो गया। यहां तक मूसलाधार बारिश के व चारों ओर कोहरा छाया होने के कारण आमने सामने कुछ दिखाई नहीं दे रहा है।
मूसलाधार बारिश के चलते पहाड़ो से पत्थरों व मलुवा आने के कारण 11 मार्ग बंद हो गये। जिनमें 2 राज्य मार्ग, 1 प्रमुख जिला मार्ग व 8 ग्रमीण मार्ग बंद हो गये। सभी मार्गों को खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है। जबकि आसोज के माह में घास कटाई, धान कटाई का कार्य चलता है। बारिश के कारण बन्द हो गया। बारिश के चलते जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। नदी, नाले, गाड़ गधेरे उफान पर आ गये है। जिला, पुलिस प्रशासन ने अपील की है जब आवश्यक हो तभी यात्रा करने निकले और नदी , नाले, गधेरे की तरफ बिल्कुल न जाये।
रिपोर्ट- ललित जोशी






















