फतेहपुर: बंगाल की खाड़ी में अर्नब तूफान का असर यूपी के फतेहपुर ((Fatehpur) में भी देखने को मिल रहा है. बीते दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है जिससे आम लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और हादसे भी हो रहे हैं. दरअसल भारी बारिश की वजह से फतेहपुर में कच्चा मकान ढहने से उसके मलबे में 8 साल का मासूब दब गया और उसकी मौत हो गई।
मलबे में दबा मासूम
जानकारी के मुताबिक दो दिन से लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते कच्चा मकान कमजोर हो गया था। बच्चे की मां मवेशियों को चारा डालने के लिए बाहर गई थी, तभी भरभराकर घर गिर गया। मलबे में दबे दोनों सगे भाइयों को ग्रामीणों ने बाहर निकाला। इसके बाद अस्पताल में डॉक्टरों ने 8 साल के आनंद को मृत घोषित किया।
घायल बड़े भाई को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों के मुताबिक, प्रधानमंत्री आवास के लिए आवेदन दिया था लेकिन उन्हें अभी तक नहीं मिल पाया था। एसडीएम अश्वनी पांडेय ने राजस्व टीम को मौके पर भेजा।
गोंडा में 300 साल पुराना पेड़ धराशायी
घटना के बाद प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया था। दूसरी तरफ बारिश की वजह से गोंडा में भी नुकसान हुआ है। नगर कोतवाली के पीछे ईदगाह रोड पर करीब तीन सौ साल पुराना पेड़ गिर गया जिससे कई दुकानों को नुकसान पहुंचा है।
आपको बता दें कि जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे जन जीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है। पूरे शहर में बारिश का पानी भर जाने से लोगों की रफ्तार घरों के अंदर ही सिमट कर रह गई है।
फिलहाल देर रात हुई इस घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक रात में तेज हवा और बारिश के साथ आए तूफान के कारण यह पुराना पेड़ जड़ सहित उखड़ गया। पेड़ इतना विशाल था कि उसने सड़क के किनारे बनी 4 से 5 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों में रखा सामान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
रिपोर्ट: विशाल सिंह






















