नई दिल्ली: दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ( Parvesh Verma) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वो युवक को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि पथ निर्माण विभाग (PWD) की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रवेश वर्मा से जब एक युवक ने खराब सड़क को लेकर सवाल पूछा तो प्रवेश वर्मा नाराज हो गए और उसे थप्पड़ जड़ दिया।
दिल्ली में मुख्य विपक्षी आम आदमी पार्टी ने भी वीडियो को शेयर करते हुए दिल्ली सरकार पर निशाना साधा है। केजरीवाल की पार्टी ने आरोप लगाया कि सड़क बनाने में हुए भ्रष्टाचार पर सवाल उठाने पर मंत्री ने युवक को थप्पड़ मार दिया।
सड़क को लेकर सवाल पूछ रहा था युवक
इस घटना को लेकर बताया जा रहा है कि मंत्री प्रवेश वर्मा और आप विधायक जनरैल सिंह के बीच बहस हो रही थी। जनरैल सड़क के टुकड़े को दिखाते हुए प्रवेश वर्मा से कह रहे थे कि आपने जो सड़क बनाई वो उखाड़ कर दिखा दी।
इस पर प्रवेश वर्मा ने कहा, गलत नहीं बोलना है, आप 15 साल में भी नहीं बना पाए, फिर जनरैल सिंह ने कहा, आप बना दो लेकिन ऐसी मत बनाओ कि 15 घंटे भी ना चले। रिपोर्ट के मुताबिक इसके बाद प्रवेश वर्मा अपनी गाड़ी की तरफ जाने लगे, उनके पीछे-पीछे जनरैल भी जाने लगे तो इसी दौरान युवक ने खराब सड़क को लेकर प्रवेश वर्मा का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इससे नाराज होकर प्रवेश वर्मा ने युवक को थप्पड़ जड़ दिया।
दिल्ली: युवक ने खराब सड़क पर पूछा सवाल, मंत्री प्रवेश वर्मा ने जड़ दिया थप्पड़#viralvídeo #ᴛʀᴇᴅɪɴɢ #praveshverma #delhi pic.twitter.com/EFiXMXu9lj
— Nation27 (@Nation27Digital) September 27, 2026
केजरीवाल ने की गिरफ्तारी की मांग
हालांकि इसके बाद युवक ने भी प्रवेश वर्मा पर हमला करने की कोशिश की लेकिन उनके सुरक्षाकर्मी बीच में आ गए और मंत्री को भीड़ से निकालकर ले गए। अब इस घटना के वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए आप आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी की मांग की है। इसके साथ ही केजरीवाल ने घटनास्थल पर जाने का ऐलान भी किया है।
रिपोर्ट: कुणाल कौशल
























