गाजियाबाद: दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद (Ghaziabad) में मामूली विवाद के बाद एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की है जहां रास्ते से जा रहे युवक विनेश की आरोपियों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने विनेश पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के वार से गंभीर रूप से घायल विनेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हिरासत में लिए गए तीन नाबालिग
मामले में थाना लोनी बॉर्डर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर को घटना के संबंध में तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीद गवाहों के बयानों के आधार पर तीन नाबालिग आरोपियों की इसमें भूमिका सामने आई। इसके बाद 27 सितंबर को तीनों को बाल कल्याण अधिकारी की निगरानी में हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि विनेश रास्ते से जा रहा था, इसी दौरान आरोपियों से किसी बात को लेकर उसकी बहस हो गई थी।
हत्या की जांच में जुटी पुलिस
कहासुनी के बाद एक नाबालिग आरोपी को गुस्सा आ गया और उसने चाकू से विनेश पर हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने उनकी पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और आरोपियों की क्राइम हिस्ट्री भी जांच रही है।
रिपोर्ट: अंकित मंडार
























