मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा (Mathura) में एक महिला को आईएएस बनने का झांसा देने वाले समाजवादी पार्टी के नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम राजन रिजवी है। रिपोर्ट के मुताबिक महिला को डेपुटेशन के जरिए IAS बनवाने का झांसा देने और व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज भेजने के आरोप में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। शहर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोर्ट में पेश किया।
सपा नेता राजन रिजवी गिरफ्तार
मामला उस वक्त सामने आया था जब एक महिला ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि राजन रिजवी ने व्हाट्सएप के जरिए उससे संपर्क किया और बातचीत के दौरान उसे डेपुटेशन पर IAS अधिकारी बनवाने का भरोसा दिलाया। महिला का आरोप है कि बातचीत के दौरान आरोपी ने अश्ली मैसेज भी भेजे।
पीड़िता पेशे से बैंक कर्मचारी बताई जा रही है। शिकायत के मुताबिक, जब महिला ने आरोपी का नंबर ब्लॉक कर दिया, तब भी संपर्क करने की कोशिश की गई। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी उसके बैंक और रिहायशी इलाके तक पहुंचा और उसकी निजी जानकारियां जुटाने का प्रयास किया। इसके बाद महिला ने व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
महिला को अश्लील मैसेज करने का आरोप
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपों के आधार पर राजन रिजवी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब पूरे मामले में संबंधित साक्ष्यों और शिकायत के तथ्यों की जांच कर रही है।
वहीं, मामला सामने आने और चैट के वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी ने भी कार्रवाई की। पार्टी ने राजन रिजवी को अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों का हवाला देते हुए पद से हटा दिया था। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस प्रकरण के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है।
रिपोर्ट: दीपक






















