चुनाव व्यवस्था और हालिया विवादों को लेकर अमरोहा में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उग्र प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफा समेत आपराधिक मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई है।
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय और तनावपूर्ण हो गया जब कांग्रेसियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकने का प्रयास किया। मौके पर भारी संख्या में तैनात पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार्यकर्ताओं से पुतला छीनने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और उग्र कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक और खींचतान देखने को मिली। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेताओं ने उत्तर प्रदेश पुलिस और केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल खड़े किए।
नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और चुनाव से जुड़े गंभीर सवालों पर ध्यान देने के बजाय आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। कार्यकर्ताओं का आक्रोश इस कदर बढ़ा हुआ था कि प्रदर्शन के दौरान “ज्ञानेश कुमार को फांसी दो” जैसे तीखे और विवादित नारे भी गुंजायमान हुए। कांग्रेस पदाधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता से जुड़े इन सवालों का जब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल जाता और उनकी मांगें पूरी नहीं होती, तब तक यह जन आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें- विराट कोहली ने 15,000 वनडे रन बनाकर सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा
























