गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर (Gorakhpur) में चुनाव आयोग पर उठे सवालों के बीच भाजपा जिला और महानगर इकाई ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह ने कहा कि चुनावी हार की हताशा में कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर बेवजह आरोप लगा रही है। वहीं मेयर डॉक्टर मंगलेश श्रीवास्तव ने चुनाव आयुक्तों के संयुक्त बयान का हवाला देते हुए कांग्रेस और विपक्षी इंडी गठबंधन के आरोपों को खारिज किया। बीजेपी नेताओं ने कहा कि विपक्ष को तथ्यों का सम्मान करते हुए अपनी राजनीतिक कमजोरियों पर आत्ममंथन करना चाहिए।
बीजेपी ने कांग्रेस पर बोला हमला
दरअसल गोरखपुर के सर्किट हाउस में भाजपा जिला और महानगर इकाई की संयुक्त प्रेसवार्ता हुई। प्रेसवार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह और मेयर डॉक्टर मंगलेश श्रीवास्तव ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के चुनाव आयोग से जुड़े आरोपों पर प्रतिक्रिया दी।
साधना सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक कमजोरियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रही है। उनका कहना था कि चुनाव हारने के बाद चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाना कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति बन गई है।
आरोपों से पहले तथ्य देखे कांग्रेस: बीजेपी
वहीं मेयर डॉक्टर मंगलेश श्रीवास्तव ने चुनाव आयुक्तों के संयुक्त बयान और प्रेस नोट का हवाला देते हुए कहा कि इससे विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो गई है। उन्होंने एसआईआर और फॉर्म 6 से जुड़े मुद्दों का भी जिक्र किया और कहा कि विपक्ष को संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने से पहले तथ्यों को देखना चाहिए।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार



















