गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर (Gorakhpur) में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंकने की कोशिश की। पार्क रोड स्थित शहीद रामप्रसाद बिस्मिल पार्क में पुलिस ने जलते हुए पुतले को बुझाने की कोशिश की, जिसके दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
बिस्मिल पार्क में पुलिस से भिड़े कांग्रेसी कार्यकर्ता
दरअसल गोरखपुर के पार्क रोड स्थित शहीद रामप्रसाद बिस्मिल पार्क में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ जुटे थे। कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराने पहुंचे थे। जैसे ही पुतला जलाने की कोशिश की गई, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जलते हुए पुतले को हाथों में लेकर बुझा दिया।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर अपना विरोध दर्ज कराया।
बीजेपी ने दी नसीहत
वहीं कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर बीजेपी ने राहुल गांधी की पार्टी को नसीहत दी है। भाजपा जिला और महानगर इकाई ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह ने कहा कि चुनावी हार की हताशा में कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर बेवजह आरोप लगा रही है। वहीं मेयर डॉक्टर मंगलेश श्रीवास्तव ने चुनाव आयुक्तों के संयुक्त बयान का हवाला देते हुए कांग्रेस और विपक्षी इंडी गठबंधन के आरोपों को खारिज किया। बीजेपी नेताओं ने कहा कि विपक्ष को तथ्यों का सम्मान करते हुए अपनी राजनीतिक कमजोरियों पर आत्ममंथन करना चाहिए।
साधना सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक कमजोरियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रही है। उनका कहना था कि चुनाव हारने के बाद चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाना कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति बन गई है।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार
























